मथुरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने को लेकर रविवार को कांग्रेस सेवा दल के महानगर अध्यक्ष दीपक पाठक के नेतृत्व में होलीगेट से विकास बाजार स्थित गांधी प्रतिमा तक जोरदार पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार के इस निर्णय के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित यतींद्र मुकद्दम ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं बल्कि देश के करोड़ों गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के जीवनयापन का सहारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बार-बार उन योजनाओं और संस्थानों से महात्मा गांधी का नाम हटाने का कार्य कर रही है, जिनका उद्देश्य गरीबों और कमजोर वर्गों को सशक्त करना था। उन्होंने कहा कि मनरेगा से गांधीजी का नाम हटाना या योजना का नाम बदलना राष्ट्रपिता का अपमान है और कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस सेवा दल और कांग्रेसजन इस निर्णय के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेंगे।