मैनपुरी के बाईपास रोड स्थित एक निजी स्कूल में शनिवार सुबह नौवीं कक्षा का एक छात्र दूसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज सैफई ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन आगरा ले गए। देर शाम इलाज के दौरान घायल छात्र वंश कश्यप (14) ने दम तोड़ दिया। परिजन सीसीटीवी दिलाने की मांग कर रहे हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर कश्यप समाज के नेता भी उक्त मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि पहले सीसीटीवी उपलब्ध कराए जाएं, तब तहरीर देंगे। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि सीसीटीवी देखे गए हैं। परिजन को भी दिखाए जाएंगे, पोस्टमार्टम में जो भी चीजें सामने आएंगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।