मंधना ब्लू वर्ल्ड तिराहे से बिठूर तक दो लेन सड़क को चार लेन में परिवर्तित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना वन विभाग की धीमी कार्यप्रणाली के कारण सुस्त पड़ गई है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले सैकड़ों पेड़ों की कटान अब तक पूरी न होने से निर्माण कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण परियोजना क्षेत्र के यातायात दबाव को कम करने और पर्यटन क्षेत्र बिठूर तक बेहतर संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। लेकिन पेड़ों की कटान की प्रक्रिया लंबित होने के कारण कई हिस्सों में निर्माण कार्य बाधित है। निर्माण एजेंसियों को सड़क सीमा में मौजूद पेड़ों के कारण कार्य में तकनीकी बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे परियोजना की समयसीमा पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। राहगीरों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।