दुधवा नेशनल पार्क के गौरी फंटा बफर जोन से रेस्क्यू की गई मादा तेंदुआ को गुरुवार सुबह चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व की मानिकपुर रेंज के कल्याणपुर बीट स्थित जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम की निगरानी में तेंदुआ को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। वन विभाग के अनुसार, लखीमपुर खीरी के बेलाराया वन रेंज के मूर्तिहा गांव में यह मादा तेंदुआ लंबे समय से आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रही थी और एक महीने में कई पालतू जानवरों का शिकार कर चुकी थी। मंगलवार को रेस्क्यू टीम ने पिंजरे में बकरी बांधकर ऑपरेशन चलाया, जिसमें तेंदुआ सुरक्षित पकड़ लिया गया और बकरी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद दुधवा नेशनल पार्क की टीम तेंदुआ को पिंजरे में लेकर रानीपुर टाइगर रिजर्व पहुंची। मानिकपुर प्रथम रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कल्याणपुर बीट के चवरी क्षेत्र में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान बीट प्रभारी उदय कुमार, वन दरोगा और अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।