सावन के पहले सोमवार पर धर्मनगरी चित्रकूट शिवभक्ति में सराबोर नजर आई। सुबह चार बजे से ही प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रामघाट स्थित प्राचीन मतगजेंद्रनाथ मंदिर में सबसे अधिक भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने पहले मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाई, इसके बाद भगवान शिव का जलाभिषेक कर दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।