बहराइच में रुपईडीहा थाना के देवरा गांव में शनिवार रात चोरों ने एक के बाद एक चार घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। छत के रास्ते घरों में घुसे बदमाशों ने ताला काटकर तीन लाख की नगदी और 17 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवर समेट लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक चोर बेहद सुनियोजित तरीके से गांव में पहुंचे थे। देर रात जब परिवार के लोग सो रहे थे, तभी बदमाश छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और एक-एक कर चार मकानों को निशाना बनाया। ओमप्रकाश के घर से चोर करीब 18 हजार रुपये नकद और सोने के चार थान जेवर उठा ले गए। वहीं हीरालाल के यहां से 10 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के चार थान जेवर चोरी हो गए। इसके अलावा कुंज बिहारी के घर से भी 10 हजार रुपये नकद और करीब पांच थान जेवरात चारे ले गए। सबसे बड़ी वारदात अमृतलाल के यहां हुई। चोर उनके घर से ढाई लाख रुपये नकद और सोने के छह थान जेवर समेट ले गए। बताया जा रहा है कि अमृतलाल हाल ही में गेहूं बेचकर यह रकम घर लाए थे। चारों घरों से कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये की चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ चार घरों में चोरी की इतनी बड़ी वारदात से लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सूचना मिलते ही रुपईडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष रमेश सिंह रावत ने बताया कि कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।