बागपत में राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिला अध्यक्ष आशीष वशिष्ठ ने बताया कि हाल ही में एक अधिकारी द्वारा ब्राह्मण समाज के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्वी यमुना नहर की पटरी जर्जर हो चुकी है, जिसकी मरम्मत आवश्यक है। मलकपुर व किनौनी शुगर मिलों द्वारा लंबित गन्ना भुगतान जल्द से जल्द किसानों को दिया जाए। बागपत शुगर मिल के निकट चल रहे गन्ना सेंटरों में अव्यवस्था के कारण किसानों को गेहूं बोआई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति का तत्काल समाधान किया जाए। बागपत शुगर मिल के सेंटरों पर घटतोली की शिकायतें मिल रही हैं, जिनकी जांच कराई जाए। आवारा गोवंश किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, इसलिए इन्हें गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जाए। वशिष्ठ ने कहा कि इन सभी समस्याओं एवं अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है और उम्मीद है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करेगा।