ओमप्रकाश राजभर को मंत्री पद से बर्खास्त करने तथा 15 दिनों के भीतर राजभर समाज को अनुसूचित जनजाति आरक्षण में शामिल करने आदि मांगों को लेकर सोमवार को तहसील परिसर में मूल निवासी समाजपार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भीमसेन राजभर के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष भीमसेन राजभर ने कहा कि पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राजभर समाज को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजभर समाज से अनुसूचित जनजाति आरक्षण दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार में राजभर समाज के दो-दो मंत्री होने के बावजूद समाज को उसका अधिकार नहीं मिल सका। भीमसेन राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर पिछले दो वर्षों से अतरौलिया में अपने बेटे को चुनाव लड़ाने के लिए जमीन तैयार कर रहे हैं, लेकिन अब राजभर समाज उनकी राजनीतिक चाल को समझ चुका है। उन्होंने कहा कि समाज अब उनसे मंत्री पद से इस्तीफे की मांग कर रहा है। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री से 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी करने की अपील की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो मूल निवासी समाजपार्टी के कार्यकर्ता और राजभर समाज के लोग व्यापक धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, लखनऊ का घेराव भी किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला प्रभारी आजमगढ़ जयप्रकाश राजभर, नींबू लाल राजभर, गुड्डू राम, शंभू राजभर, जितेंद्र राजभर, परविंदर राजभर, संजय कनौजिया, केशराजभर, राजधारी राजभर आदि शामिल थे।