तारुन (अयोध्या)। ग्राम पंचायत गुरौली में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मत्स्य पालन के लिए तालाब की जोताई कर रहे युवक का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया। गुरौली निवासी राकेश चौरसिया (25) तालाब की जोताई कर रहे थे। जोताई के बाद तालाब से बाहर निकलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पलट गया और राकेश उसके नीचे दब गए। हादसे में उनका सिर ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से कुचल गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। सामाजिक कार्यकर्ता मोनू मिश्रा परिजनों के साथ घायल राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तारुन ले गए, जहां चिकित्सक मौजूद न मिलने पर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान राकेश ने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि राकेश की शादी अभी पिछले वर्ष ही हुई थी। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।