अयोध्या के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शुजागंज में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में आसपास के गांवों से मरीज उपचार और चिकित्सकीय परामर्श लेने पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। दोपहर 12:35 बजे आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. महबूब आलम मरीजों का परीक्षण करते मिले। उन्होंने बताया कि उस समय तक करीब 22 मरीजों की जांच की जा चुकी थी। पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचीं अनीशा खातून की चिकित्सक ने जांच की और आवश्यक दवा दी। इसी तरह शुजागंज निवासी मंजू देवी और रागनी तथा हलीमनगर निवासी आशमा और मैजवी बुखार, हाथ-पैर में दर्द समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों को लेकर पीएचसी पहुंचीं। चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें भी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। मेले के दौरान मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र पर पेयजल की व्यवस्था भी देखने को मिली। मरीजों के लिए लगाए गए फ्रीजर में ठंडा पानी उपलब्ध था। वहीं पीएचसी के शौचालय की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। मेले में फार्मासिस्ट राम किशुन मौर्य, वार्ड ब्वॉय और एएनएम कुमारी अनीता मौजूद रहीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवींद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि शुजागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार और दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं।