बाॅलीवुड फिल्म अभिनेता प्रदीप नागर ने कहा कि फिल्मों की शूटिंग के लिए अमरोहा जिला भौगोलिक दृष्टि से बेहद उपयुक्त है। यहां पर शूटिंग किए जाने से अपनी भाषा को बढ़ावा मिल रहा है। स्थानीय युवा प्रेरित होकर कलाकार बन रहे हैं। उनकी प्रतिभा को मंच मिल रहा है। हाईवे किनारे स्थित एक रेस्टोरेंट में बॉलीवुड फिल्म अभिनेता प्रदीप नागर व निर्देशक नागेंद्र चौधरी ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल ही में उनका एक नया गीत रिलीज हुआ है। जिसमें अभिनेत्री सपना चौधरी हैं। चार दिन में यू-ट्यूब पर इसकी दर्शक संख्या 40 लाख के पार पहुंच गई है। इस गीत में तिगरी गंगा धाम और धनौरा गढ़ी मंदिर की लोकेशन ली गई है। अपनी स्थानीय भाषा को बढ़ावा और युवाओं को फिल्मों से जोड़ने के लिए वह अमरोहा जिले में फिल्मों की शूटिंग करते हैं, जबकि पंजाब और राजस्थान में यहां से कई बेहतर स्थान हैं। उनका आगे भी जोर रहेगा कि हरियाणवी, वेब सीरीज और बाॅलीबुड फिल्मों की शूटिंग अमरोहा जिले में की जाए। उन्होंने कहा कि नोएडा में फिल्म सिटी बनने के बाद से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कलाकारों को बढ़ावा मिल रहा है। वह भी नए कलाकारों को तैयार कर रहे हैं। इस मौके पर राजेश भाटी, विनय कुमार, सुरजीत सिंह, मुकेश गोयल आदि मौजूद रहे।