चौपला पर जाम के हालात देख मंडी धनौरा भड़क गए। उन्होंने यातयात प्रभारी व इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि चौपला पर जाम नहीं लगना चाहिए। यह औद्योगिक नगरी का द्वार है। आए दिन लग रहे जाम में एंबुलेंस तक फंस रही हैं। शुक्रवार रात मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा नगर से चौपला की तरफ जा रहे थे। चौपला पर जाम लगा था। उसमें वाहन फंसे थे। लंबा जाम लगा देख विधायक अपनी गाड़ी से उतरे। देखा चौकी पर खड़े वाहनों के कारण जाम लगा है। उन्होंने यातायात प्रभारी अनुज कुमार व इंस्पेक्टर मनोज कुमार को निर्देश दिए कि यहां पर जाम किसी भी कीमत पर नहीं लगना चाहिए। एंबुलेंस से लेकर स्कूली वाहन तक रोजाना जाम में फंस रहे हैं, यह सही नहीं है। चौपला औद्योगिक नगरी का प्रवेश द्वार है। इस पर जाम लगने से रफ्तार थम जाती है। निर्देश दिए कि चौकी के पास जितने भी वाहन खड़े हैं, उनको तुरंत हटाया जाए।