वीर एकलव्य सेवा संस्था की ओर से रविवार को आरवी अकादमी में तहसील बाह के गांव झरनापुरा निवासी अजय राज निषाद का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था ने अजय को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र, शैक्षणिक सामग्री और धनराशि से पुरस्कृत किया। हाल ही में उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने मगरमच्छ के हमले से अपने पिता की जान बचाई थी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती और वीर एकलव्य की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अजय की बहादुरी को सराहा और समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर विकास वर्मा, अवधेश मझवार, भूरी सिंह, हिम्मत सिंह, लाखन सिंह, प्रीतम सिंह, कुलदीप वर्मा, आशुतोष वर्मा, महेश चंद और मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।