आगरा के भैरों बाजार स्थित केनरा बैंक की बेलनगंज शाखा का भवन ढहने से अब तक दस्तावेज को निकाला नहीं जा सका है। मलबे में दबे कुछ सामान को तो बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों ने निकालकर अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन लॉकर मलबे के नीचे ही दबे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लॉकर निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर एक दो दिन में उन्हें निकालकर कचहरी घाट शाखा में शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि तब तक खुले आसमान के नीचे मौजूद लॉकरों पर पड़ने वाली धूप और पानी से अंदर रखे सामान पर पड़ने वाले असर को लेकर लोग चिंतित हैं। शुक्रवार को कचहरी घाट शाखा पहुंचे कई खाताधारकों ने मांग की थी कि बैंक जल्द से जल्द लॉकर सही जगह शिफ्ट करें ताकि वह अपने लॉकर में रखे सामान को चेक कर सकें। हालांकि सूत्रों का कहना है कि बैंक को अभी तक मलबे में लॉकर की चाबियां नहीं मिल सकी है। यही वजह है कि लॉकर निर्माता कंपनी के साथ मिलकर विकल्प पर मंथन किया जा रहा है। केनरा बैंक के लीड बैंक मैनेजर ऋषिकेश बनर्जी ने बताया कि लॉकरों को जल्द ही कचहरी घाट शाखा में शिफ्ट कर दिया जाएगा, जिसके बाद लोग लॉकरों का फिर से इस्तेमाल कर सकेंगे।