आगरा। कुबेरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रहनखुर्द में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गांव के एक बंद कुएं में एक सांड गिर गया। यह कुआं ऊपर से ढका हुआ था, लेकिन किसी कारणवश ढक्कन हटने या कमजोर होने से सांड उसमें जा गिरा। घटना की जानकारी सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों को हुई। सांड के गिरने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ग्राम प्रधान रामदास यादव, भागपुर के ग्राम प्रधान राकेश यादव, सपा नेता जेपी यादव , श्याम यादव, पुजारी महाराज, विकेश यादव, धर्म यादव, उमेश यादव श्योप्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सांड को बचाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस द्वारा बताया गया कि रेस्क्यू टीम आने में कुछ समय लगेगा, तब तक ग्रामीण अपने स्तर से सांड को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे रहे। कई घंटे की मशक्कत के बाद सांड को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया गया। सांड को बाहर निकालते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस दौरान सांड को कोई गंभीर चोट नहीं आई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में मौजूद ऐसे पुराने और बंद कुओं को पूरी तरह सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।