आगरा के आरबीएस कॉलेज स्थित श्री कृष्ण राव ऑडिटोरियम में भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर की ओर से जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों की महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ हुंकार भरी। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य सहित वक्ताओं ने कहा कि विकसित राष्ट्र के संकल्प में अब महिलाएं अपनी निर्णायक भूमिका निभाएंगी और आगामी चुनावों में महिला आरक्षण का विरोध करने वाली ताकतों को सबक सिखाएंगी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि कांग्रेस, सपा और टीएमसी जैसे दलों का महिला विरोधी चेहरा बेनकाब हो चुका है। महापौर एवं कार्यक्रम संयोजक हेमलता दिवाकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति और नीति निर्माण में ऐतिहासिक सम्मान मिला है। सम्मेलन के बाद ऑडिटोरियम से जन आक्रोश पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान महिलाओं ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी की। पदयात्रा के समापन पर महिलाओं ने विपक्षी गठबंधन के प्रति रोष व्यक्त करते हुए पुतला दहन किया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, निर्मला दीक्षित, डॉ. रेणुका डंग, बीना लवानिया, रश्मि धाकड़, अनीता गर्ग, नेहा गुप्ता, डॉ. मंजू गुप्ता, रोहित कत्याल व अन्य मौजूद रहे।