आगरा-मथुरा समेत पूरे ब्रज में गणेश उत्सव की धूम है। बुधवार को गणेश चतुर्थी पर घर-घर भगवान गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना हुई। शहरों में जगह-जगह पंडाल सजाए गए हैं। आगरा के सदर बाजार स्थित नौलक्खा में श्री मंगल मूर्ति सेवा समिति द्वारा 24 फुट ऊंचे इको फ्रेंडली गणेश जी की स्थापना की गई है। शहर के बल्केश्वर में भी पंडाल सजाया गया है, जहां गणेश जी की विशाल प्रतिमा को विराजमान किया गया है।
मथुरा के चौबिया पाड़ा स्थित दसभुजी गणेश मंदिर में भगवान गणेश जी का पंचामृत अभिषेक किया गया। इस दौरान घंटा-घड़ियाल और शंख की ध्वनि से मंदिर गुंजायमान हो गया। फिरोजाबाद के कस्बा जसराना के घिरोर रोड के साथ ही पाढ़म के मोहल्ला मिरखेल नागर खेल और अन्य जगहों पर गणपति पंडाल लगाए गए हैं। एटा और कासगंज में बैंड-बाजे की धुन पर गणपति बप्पा घरों में पधारे। इस दौरान महिलाओं ने पुष्पवर्षा की।