खन्ना नगर काउंसिल के वार्ड नंबर-9 में पिछले करीब 10 वर्षों से चली आ रही सीवरेज समस्या को लेकर मंगलवार को मोहल्लावासियों का सब्र टूट गया। वार्ड की पार्षद के पति गुरमीत नागपाल अपने समर्थकों और मोहल्ला निवासियों के साथ नगर काउंसिल परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से शिकायतें करने के बावजूद न तो प्रशासन ने समस्या का स्थायी समाधान किया और न ही कोई अधिकारी उनकी सुध लेने पहुंचा। गुरमीत नागपाल ने कहा कि वार्ड नंबर-9 में सीवरेज की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि गंदगी और दूषित वातावरण के कारण लोग गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। उनका दावा है कि सरकारी अस्पताल में गंभीर बीमारियों से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज उनके वार्ड से ही पहुंचते हैं, जिसका मुख्य कारण सीवरेज व्यवस्था की बदहाली है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले की गलियां लगातार गंदे पानी और कीचड़ से भरी रहती हैं। हालात ऐसे हैं कि बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो गया है और फिसलन के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। नागपाल ने कहा कि बदहाल हालात के चलते वर्षों से उनके मोहल्ले में रिश्तेदार आने से कतराते हैं और शादी-ब्याह जैसे सामाजिक कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहे हैं। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें अधिकारियों से मिलने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार करने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नगर काउंसिल के ईओ चरणजीत सिंह ने कहा कि मुझे अभी कहीं जाना है, मैं बाद में आकर बात करूंगा। उनके इस संक्षिप्त जवाब ने भी प्रदर्शनकारियों में नाराजगी बढ़ा दी।