दोराहा थाना क्षेत्र में देर शाम हुए एनकाउंटर में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी पवनजीत चौधरी ने बताया कि दोराहा पुलिस आरोपी की तलाश में थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी एक स्कॉर्पियो में दोराहा से कैंटोनमेंट रोड की ओर आ रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने गाड़ी सीधे पुलिस वाहन में मार दी और बच निकलने की कोशिश में फायरिंग शुरू कर दी। उसने तीन गोलियां चलाई, जिनमें से दो पुलिस वाहन को लगीं और एक गोली एसएचओ आकाश दत्त के सीने पर लगी। सौभाग्य से एसएचओ ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी भी गोली लगने से घायल हो गया। बाद में पुलिस ने उसे उसके साथी सहित काबू में कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।