नेशनल हाईवे (जीटी रोड) पर शुक्रवार की सुबह अंबुजा कॉलोनी मॉल के पास आज सुबह एक छोटा टैंपो और टैंकर की टक्कर हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जबकि टैंपो चालक और टैंकर चालक को मामूली चोटें आई हैं। टैंपो चालक पप्पू ने बताया कि वे राजपुरा से लुधियाना मैगी सॉस की बोतलें और नूडल्स लेकर जा रहे थे। अंबुजा कॉलोनी के नजदीक अचानक टैंपो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। इसके कारण अधिकतर बोतलें टूट गईं और नूडल्स भी खराब हो गए। पप्पू के अनुसार करीब 1 लाख रुपये का माल खराब हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। क्रेन मंगवाई गई है और पलटे हुए टैंपो व टैंकर को सड़क से हटाया जा रहा है, ताकि ट्रैफिक जल्द सामान्य रूप से बहाल किया जा सके।