फिरोजपुर रेल डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार की अध्यक्षता में घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी करा चुके रेल कर्मचारियों की 50 मीटर दौड़ प्रतियोगिता करवाई गई। यह जानकारी रेलवे अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. रंजना सहगल ने दी है। डॉ सहगल ने बताया कि मंडल चिकित्सालय से सर्जरी करा चुके रेलकर्मियों ने साबित कर दिया कि डॉक्टरी तकनीक से फिर से व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा होकर अपना सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते है बल्कि खेलों में भी भाग ले सकते है। कार्यक्रम का उद्देश्य घुटने के ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित रोगियों को यह संदेश देना था कि घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी एक सफल एवं प्रभावी उपचार है। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अमित शेरसिया द्वारा 40 मरीजों की सफल घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी की गई है। यह सर्जरी अत्यंत जटिल मानी जाती है, लेकिन डॉ. शेरसिया की विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से यह सर्जरी पूरी तरह सफल रहा।