अमृतसर के लोपोके क्षेत्र के करनौलियां इलाके में एक्साइज विभाग और पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 हजार लीटर कच्ची लाहन बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया। यह कार्रवाई डीएसपी कपिल कौशल चोगावां और एक्साइज इंस्पेक्टर जगदीप कौर की अगुवाई में की गई। पुलिस और एक्साइज विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध शराब तैयार करने का धंधा चल रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत छापा मारा। रेड के दौरान रविंदर सिंह नामक व्यक्ति के घर की तलाशी ली गई, जहां से 36 ड्रमों में भरी करीब 6 हजार लीटर कच्ची लाहन और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो भट्टियों का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। एक्साइज इंस्पेक्टर जगदीप कौर ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में थाना लोपोके में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।