अमृतसर के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के आत्महत्या मामले में उनके अंतिम अरदास कार्यक्रम में विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता पहुंचे। सभी ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि रंधावा परिवार को अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि मामले की जांच तुरंत सीबीआई को सौंपी जाए। बाजवा ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री के समक्ष मांग रखने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई, जिससे न्याय की उम्मीद कमजोर पड़ रही है। उन्होंने लालजीत सिंह भुल्लर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका व्यवहार कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी संवेदनहीनता का आरोप लगाया। अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने रंधावा को ईमानदार और काबिल अधिकारी बताते हुए कहा कि इस मामले ने राजनीति को बदनाम किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। अकाली दल की नेता कंचनप्रीत कौर ने भी सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और न्याय के समर्थन में नारेबाजी की गई। नेताओं ने एकजुट होकर परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।