आम आदमी पार्टी के फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने धार्मिक बेअदबी के मामलों पर बनाए गए सख्त कानून को लेकर कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार जो भी सुझाव देंगे, सरकार उनका खुले दिल से स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि सभी दलों के विधायक गुरु साहिब के चरणों में अपना पक्ष रखने के लिए पहुंचे हैं और गुरु साहिब के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। सेखों ने कहा कि यह कानून गुरु साहिब के सम्मान और मर्यादा की रक्षा के लिए बनाया गया है। बेअदबी जैसा जघन्य अपराध करने वालों को ऐसी कड़ी सजा मिलनी चाहिए, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें। उन्होंने कहा कि सरकार गुरु साहिब के सम्मान की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है। विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए सेखों ने कहा कि इस कानून की शुरुआत वर्ष 2008 में अकाली दल सरकार के समय हुई थी, जबकि मौजूदा सरकार ने 2026 में इसमें संशोधन कर सजा के प्रावधान और सख्त किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि फिर भी किसी प्रकार की कमी महसूस होती है तो जत्थेदार साहिब के मार्गदर्शन में सरकार आवश्यक बदलाव करने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की वाणी पूरी दुनिया को एकता और सर्वजन कल्याण का संदेश देती है, इसलिए उनके सम्मान की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।