पंजाब की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल द्वारा राहुल गांधी से 2022 विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका ने कड़ा जवाब दिया है। डॉ. वेरका ने कहा कि यदि हरसिमरत कौर बादल को कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे की चिंता है, तो उन्हें पहले 2027 के लिए अपनी पार्टी का चेहरा स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल का मुख्यमंत्री उम्मीदवार कौन होगा? क्या वह व्यक्ति होगा जिस पर बेअदबी के आरोप लगे हैं या वह, जो नशे से जुड़े मामलों में अदालतों के चक्कर काट रहा है? उन्होंने कहा कि अकाली दल को पहले आत्ममंथन करना चाहिए। कांग्रेस की रणनीति पर बोलते हुए डॉ. वेरका ने कहा कि पार्टी 2027 में किसी नाम की घोषणा कर राजनीतिक ड्रामा नहीं करेगी, बल्कि जनता का विश्वास जीतकर सरकार बनाएगी और जनता की सेवा करने वाला मुख्यमंत्री देगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ऐसा नेतृत्व देगी जो नशे पर लगाम, कैंसर जैसी बीमारियों से निपटने और पंजाब के समग्र विकास के लिए समर्पित होगा। डॉ. वेरका ने कहा कि पंजाब को साफ छवि, ईमानदार और जनहितैषी नेतृत्व की आवश्यकता है। उनके अनुसार कांग्रेस 2027 में राज्य का भविष्य संवारने के लिए पूरी तरह तैयार है, जबकि अकाली दल गंभीर आरोपों और आंतरिक विवादों के चलते जनता के सवालों के घेरे में खड़ा है।