कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और पंजाबी मूल के खिलाड़ी युवराज सिंह समरा ने आज गुरु नगरी अमृतसर पहुंचकर सच्चखंड श्री दरबार साहिब में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए गुरुओं का शुक्राना अदा किया। मीडिया से बातचीत करते हुए समरा ने कहा कि विश्व कप में खेलना उनका और उनके परिवार का बड़ा सपना था, जो अब साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि वह हर वर्ष अमृतसर आते हैं, लेकिन इस बार का दौरा बेहद खास है क्योंकि वह अपनी कामयाबी का धन्यवाद करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “दरबार साहिब में जो आध्यात्मिक शांति मिलती है, वह कहीं और नहीं मिल सकती।” अपनी जड़ों से जुड़े होने पर गर्व जताते हुए उन्होंने बताया कि उनके दादा-दादी का संबंध अमृतसर से रहा है, इसलिए यह शहर उनके दिल के बहुत करीब है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने भारतीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारत इस समय बेहद मजबूत क्रिकेट खेल रहा है और उन्हें उम्मीद है कि भारतीय टीम फाइनल में जरूर पहुंचेगी। कनाडा का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत में खेलने को उन्होंने गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में इस उपलब्धि को लेकर काफी उत्साह और खुशी का माहौल है।