खंडवा रेलवे स्टेशन की जीआरपी थाना पुलिस ने करोड़ों रुपए की फर्जी लूट की कहानी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में जीआरपी थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे एक करोड़ 80 लाख रुपए के सोने के करीब डेढ़ किलो वजनी जेवरात भी बरामद हुए हैं। आरोपियों ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल स्टेशन पर इन गहनों के लूट की फर्जी एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन इनकी कहानी पर पुलिस को शक हो गया और 12 घंटे के भीतर ही पुलिस ने इस मामले का भंडाफोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- कफ सिरप कांड: छिंदवाड़ा के बाद अब बैतूल में दो मासूमों की मौत, अब तक 16 बच्चों की जान ले चुका जहरीला सिरप
खंडवा जीआरपी थाना पुलिस ने चार आरोपियों द्वारा साठगांठ कर फर्जी लूट की वारदात अंजाम देने के एक मामले का बड़ा खुलासा किया है। दरअसल महाराष्ट्र के नासिक जिले के रहने वाले 40 वर्षीय युवक सागर पारख जैन ने सीएसटी मुंबई स्थित जीआरपी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके साथ ट्रेन में खंडवा रेलवे स्टेशन के नजदीक चलती ट्रेन में चाकू दिखाकर करीब एक करोड़ 82 लाख रुपये के गहनों की लूट हुई है। इसमें 52 नग सोने की चूड़ियां और 35 नग सोने की अंगूठियां शामिल हैं। इनका कुल वजन एक किलो 500 ग्राम सोना है। मामले की तफ्तीश के लिए शुक्रवार को जीआरपी थाना खंडवा भेजा गया। इसके बाद जीआरपी थाना प्रभारी प्रकाश चंद सेन सहित आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी संजीव कुमार एवं उनकी टीम ने बारीकी से जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- कफ सिरप कांड: बच्चों को दवा लिखने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, अब तक 16 की मौत, जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस जांच में मालूम चला कि मामला पूरी तरह से झूठा है और लूटा हुआ माल फरियादी सागर ने ही कल्याण स्टेशन पर अपने एक साथी प्रवीण को दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से यह माल जब्त कर लिया है। इसके साथ ही जांच में मालूम चला कि फरियादी सागर ने अपने साथियों संग मिलकर खुद को चोट पहुंचाई और अपने साथियों संग फर्जी लूट की योजना बनाकर उसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी। वहीं पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सागर के साथ ही उसके साथी संजय और राकेश को भी गिरफ्तार किया है।