पद्म विभूषण ‘बाबूजी’ कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बड़ा आदमी पद से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपनी सोच और कर्मों से बड़ा और महान होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य किसान परिवार में जन्म लेने वाले कल्याण सिंह अपनी कर्मठता, मूल्यों और सिद्धांतों पर अडिग रहने के भाव के कारण अलग पहचान बनाने में सफल रहे। देश के प्रति समर्पण की भावना के साथ उन्होंने आरएसएस की पाठशाला में तपकर सार्वजनिक जीवन में लंबी यात्रा तय की। योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने किसान और शिक्षक से लेकर विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और राज्यपाल तक विभिन्न संवैधानिक दायित्व निभाए। उन्होंने अपने जीवन में सिद्धांतों और मूल्यों को प्राथमिकता दी और समाज तथा राष्ट्र के लिए समर्पित होकर काम किया।