Ankita Bhandari Case: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के वायरल वीडियो से सियासी घमासान मचा हुआ है। उर्मिला सनावर की वायरल वीडियो में अपना नाम आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने एक बयान जारी कर अपनी सफाई दी है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपना नाम घसीटे जाने पर भाजपा नेता ने कड़ा ऐतराज जताया है।
दुष्यंत गौतम ने एक वीडियो जारी कर कहा, मेरे राजनैतिक एवं सामाजिक जीवन में ईमानदारी, निष्ठा और चरित्र ही मेरी पहचान रही हैं। आज मन की पीड़ा शब्दों के रूप में सामने आई है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी मेरी इस पीड़ा को समझते हुए, न्याय की इस लड़ाई में अन्याय के विरुद्ध मजबूती से मेरे साथ खड़े होंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, अगर मेरे खिलाफ कोई भी सबूत, कागज मिला तो मैं अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन से संन्यास ले लूंगा।
इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड सरकार को एक पत्र भी लिखा है। सचिव गृह को भेजे पत्र में दुष्यंत गौतम ने इसे आपराधिक साजिश कराते देते हुए मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटवाने व प्रसार पर प्रतिबंध का अनुरोध किया है।