कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिहाणा में मंगलवार को विधायक आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा मुख्यअतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बही सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।इस दौरान उन्होंने पंचायत के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें विधायक ने जनसमस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पक्के रास्तों, लिंक सड़कों, कम वोल्टेज की समस्या, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे विधायक के समक्ष रखे। विधायक विवेक शर्मा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए बताया कि जनता की सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन्हें बिना देरी के पूरा किया जाए तथा शेष कार्यों के लिए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कार्य क्रम के दौरान 97 जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करे।