राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें ग्राम पंचायत प्रधान रामकुमार रमौल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रामरतन रमौल विशेष अतिथि रहे। कार्यक्रम में हितैषी समाजसेवा संस्था के संस्थापक सदस्य व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अमर सिंह चौहान के सौजन्य से छात्रों को अकादमिक पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का आगाज मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद छात्रों ने वंदे मातरम और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए देशभक्ति पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम पेश कियें। इसमें ऑपरेशन सिंदूर के लिए श्रद्धांजलि से प्रेरित एक कार्यक्रम विशेष सुर्खियां बटोर गया। वहीं पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला रामा के नन्हे मुन्ने बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर छात्रों को वर्षभर की गतिविधियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के पुरस्कार भी दिए गए। इसमें हर्षिता को राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा चार बच्चों, मोहित, रिद्धि, प्रिया, दिव्या ने राष्ट्रीय मींस कम मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा को उत्तीर्ण कर छात्रवृत्ति प्रदान करने पर सम्मानित किया गया। 12वीं कक्षा के विभोर रमौल व भूमिका को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामा के प्रधानाचार्य नीरज शुक्ल ने सभी उपस्थित अतिथि का धन्यवाद किया और छात्रों को भविष्य की शुभकामनाएं दी।