राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सत्र 2025-26 के वार्षिक सांस्कृतिक समारोह झंकार का आयोजन हर्सोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सीएससीए अध्यक्षा पल्लवी के स्वागत संबोधन तथा महाविद्यालय प्राचार्य प्रकाश चौहान द्वारा द्वीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत एकल नृत्य, युगल नृत्य, पंजाबी नृत्य पहाड़ी नाटी तथा नाटक प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया। एकल नृत्य में प्रिया और कामिनी क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे। इसके साथ-साथ युगल नृत्य में कामिनी व फरहान, तथा कविता व कनिका क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे। पंजाबी सामूहिक नृत्य प्रतिस्पर्धा के अंतर्गत कोमल व सहेलियां तथा रीतिका व सहेलियां क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे। सामूहिक नाटी नृत्य में साक्षी व सहेलियां प्रथम स्थान पर रही । नाटक प्रतियोगिता में कशिश व कामिनी क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान पर रही। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य प्रकाश चौहान ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत से जीवन में किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को आगे ले जाने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. संगीता ने सभी स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।