फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur Drug Network: पांच मामलों में पांच मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, 121 ग्राम चिट्टा से चार किलो चरस तक खंगाली सप्लाई चेन

Ankesh Dogra Updated Mon, 10 Aug 2026 02:54 PM IST

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों की जांच को आगे बढ़ाते हुए कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े पांच मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों के बैकवर्ड लिंक तलाशे गए। इसके बाद पंजाब, चंडीगढ़ और मंडी में दबिश देकर गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल नशे की खेप पकड़ना नहीं, बल्कि सप्लाई नेटवर्क के स्रोत तक पहुंचकर उसे तोड़ना है। पांच मामलों में पुलिस ने 121.44 ग्राम चिट्टा, 9.05 ग्राम चिट्टा, 9.01 ग्राम चिट्टा, 14.72 ग्राम चिट्टा और करीब चार किलो चरस से जुड़े नेटवर्क की जांच की। पहले मामले में दो अगस्त को मलयावर लिंक रोड पर फोरलेन के पास चेकिंग के दौरान पंजाब के बटाला निवासी रुबल से 121.44 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। थाना घुमारवीं में मामला दर्ज होने के बाद जांच में वित्तीय लेन-देन और व्हाट्सएप रिकॉर्ड खंगाले गए। पुलिस के अनुसार जांच में स्थानीय पेडलर राकेश कुमार उर्फ सानू, निवासी कांगड़ा का नाम सामने आया, जिसे छह अगस्त को मनाली से गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में कथित तौर पर खेप का स्रोत बटाला निवासी आशीष जोसेफ सामने आया। पुलिस टीम ने बटाला में दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। दूसरे मामले में 27 जुलाई को पट्टा चौक फोरलेन पर स्पेशल डिटेक्शन टीम ने बेहल कंडेलां निवासी अजय ठाकुर से 9.05 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। थाना सदर में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पुलिस के अनुसार जांच में खरड़ में रहकर बिलासपुर में चिट्टे की कथित सप्लाई करने वाले अभिषेक उर्फ मस्कड़ा की पहचान हुई। उसे शिमला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2025 में 25.62 ग्राम और वर्ष 2023 में 4.06 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले भी दर्ज हैं। तीसरे मामले में 31 जुलाई को फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान मंडी निवासी गुड्डु राम और विक्रम से 9.01 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन के आधार पर पुलिस ने कथित सप्लाई लिंक तलाशा। इसके बाद चंडीगढ़ में दबिश देकर सेक्टर-38 वेस्ट निवासी रीना पिवाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह काफी समय से बिलासपुर क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई कर रही थी। मामले की जांच जारी है। चौथे मामले में पांच अगस्त को स्पेशल डिटेक्शन टीम ने अमृतसर निवासी हरिंद्र सिंह से 14.72 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस के अनुसार व्हाट्सएप चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में अमृतसर निवासी गोविंदा सिंह उर्फ रोशन का नाम कथित सप्लायर के तौर पर सामने आया। थाना सदर की टीम ने अमृतसर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गोविंदा के खिलाफ नशीली गोलियों और चिट्टे से जुड़े दो मामले पहले भी दर्ज हैं। पांचवें मामले में आठ अगस्त को मलयावर लिंक रोड पर फोरलेन के पास चेकिंग के दौरान होशियारपुर निवासी रवि और सुखबीर को करीब चार किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर पुलिस ने वित्तीय लेन-देन और कॉल विश्लेषण के आधार पर चरस के कथित स्रोत और सप्लाई चेन की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार जांच में मंडी के बालीचौकी क्षेत्र निवासी हुकम राम की संलिप्तता सामने आई, जिसे मंडी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार इन सभी मामलों में जांच अभी जारी है। सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए भी पुलिस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें