मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के 12 अगस्त को झंडूता विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे के दौरान डमली पंचायत के धराड़ सानी में मछुआरा समुदाय की ओर से आभार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। धराड़ सानी स्थित पहाड़ी हवेली में होने वाले कार्यक्रम में मछुआरा वर्ग मुख्यमंत्री का सम्मान करेगा। कार्यक्रम के दौरान मछुआरा समुदाय सरकार की ओर से उनकी रॉयल्टी में की गई कटौती के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताएगा। कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने बताया कि मछुआरों से ली जाने वाली 15 प्रतिशत रॉयल्टी को घटाकर एक प्रतिशत करने के फैसले से समुदाय को राहत मिली है। इसी निर्णय के लिए मछुआरा वर्ग मुख्यमंत्री का धन्यवाद करेगा। विवेक कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। मछली पकड़ने पर प्रतिबंध की अवधि के दौरान मछुआरा परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने पहली बार बजट में 3500 रुपये की मुआवजा राशि का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध की अवधि में मछली पकड़ने का काम प्रभावित होने से मछुआरा परिवारों की आय पर असर पड़ता है। ऐसे में सरकार की ओर से की गई यह व्यवस्था समुदाय और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है। आभार कार्यक्रम के दौरान मछुआरा समुदाय के लोगों का पंजीकरण भी किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र के मछुआरा परिवारों से 12 अगस्त को धराड़ सानी स्थित पहाड़ी हवेली पहुंचने का आग्रह किया गया है। विवेक कुमार ने क्षेत्र के सभी मछुआरा परिवारों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया।