शहर में ज्वेलर्स एसोसिएशन ने पुलिस के एंटी बर्गलरी व स्पेशल स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया है। एसोसिएशन के पदाधिकारी सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका आरोप है कि पुलिस बिना नोटिस ज्वेलर्स को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है, जहां उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है और रिकवरी के नाम पर सोना-चांदी की मांग की जा रही है। जिला प्रधान सुनील ने बताया कि हाल ही में एक ज्वेलर से करीब 8 लाख 60 हजार रुपए का शुद्ध सोना जबरन रिकवरी के नाम पर ले लिया गया। यह कार्रवाई वर्ष 2018-19 के एक पुराने मामले में एक आरोपी चोर के बयान के आधार पर की गई। उनका कहना है कि संबंधित ज्वेलर का इस मामले से सीधा संबंध नहीं था, फिर भी उसे परेशान किया गया। वहीं एक अन्य ज्वेलर से करीब 4 लाख रुपए की चांदी की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि पुलिस असली अपराधियों पर सख्ती करने के बजाय व्यापारियों को निशाना बना रही है, जबकि एक शातिर चोर विभिन्न जिलों में वारदात कर सोना बेच रहा है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ज्वेलर्स आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सभी व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां एसपी कार्यालय में जमा कर विरोध दर्ज कराएंगे। एसपी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है, जबकि एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और डीजीपी को भी शिकायत भेजी है।