नगर निगम कार्यालय में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने आंदोलन को आगे चार दिन यानी 11 मई तक बढ़ाने का ऐलान किया। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई उपप्रधान जनक राज ने की, जबकि मंच संचालन सचिव सुभाष ने किया। इस दौरान नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान प्रवेश परोचा ने कहा कि सरकार अब तक राज्य कमेटी के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए नहीं बुला रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग चुके हैं, नालियां जाम हो रही हैं और बदबू फैलने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। यदि सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने मांग की कि हाई कोर्ट के आदेशानुसार सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लिया जाए तथा सेवानिवृत्ति पर पांच लाख रुपये का लाभ दिया जाए। साथ ही एक्स ग्रेशिया पॉलिसी बहाल करने और फरीदाबाद में शहीद हुए कर्मचारियों के परिवार को एक करोड़ रुपये सहायता व सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई। इस मौके पर पपला सह, संजीत तिगरा, सनी, रमन वैद्य, सोरन, श्यामलाल, अमित, संजय डुलगच, संजय गहलोत, कमलेश, जीतो और सुनील सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।