नई दिल्ली में मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक होने के बाद बुधवार को धारूहेड़ा-भिवाड़ी सीमा पर जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन कंवर सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रयासों से राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले प्रदूषित पानी और धारूहेड़ा में जलभराव की लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर केंद्र स्तर पर ठोस पहल की गई है। इस मुद्दे पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें संबंधित राज्यों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था। बैठक के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने बताया था कि भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला रासायनिक और दूषित पानी हरियाणा के धारूहेड़ा क्षेत्र में एकत्र हो रहा है। इससे न केवल स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, बल्कि नेशनल हाईवे पर जलभराव के कारण यातायात बाधित हो रहा है और बार-बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है। यह समस्या औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ आमजन और यात्रियों के लिए भी परेशानी का कारण बनी हुई है।