अंबाला-दिल्ली डाउन रेल लाइन पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे पानीपत और दीवाना रेलवे स्टेशन के बीच ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) तार टूट गई। यह 18 दिन में दूसरी बार ओएचई टूटी है। इससे पहले पांच सितंबर को ओएचई टूट गई थी। रेलवे के तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ओएचई तार को ठीक किया। इसके चलते दिल्ली जाने वाली चार यात्री गाड़ी में फंस गए। कुरुक्षेत्र-दिल्ली एमईएमयू सवा दो घंटे तक लेट हो गई। स्टेशन से सवा सात बजे चलने वाली पानीपत-दिल्ली एमईएमयू ट्रेन को नौ बजे रवाना किया जा सका। कुरुक्षेत्र-दिल्ली एमईएमयू यात्री गाड़ी मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे पानीपत रेलवे स्टेशन से दिल्ली की तरफ चली। यह गाड़ी पानीपत व दीवाना रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची तो ओएचई तार टूट गई। इससे ट्रेन थम गई। स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना बिजली अभियंता लोकेश मीणा को दी। उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर ओएचई को ठीक किया। यह कार्य करीब दो घंटे तक चला। यात्री प्रीति और दीप ने बताया कि वह पानीपत से दिल्ली यात्री गाड़ी में अपडाउन करता है। मंगलवार को यात्री गाड़ी ओएचई तार टूटने के चलते काफी देरी से चली। ऐसे में उनको ट्रेन चलने का इंतजार करना पड़ा।