गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के शार्प शूटर महेंद्रगढ़ जिले के गांव गुढ़ा निवासी विकास उर्फ विक्की को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार को धर दबोचा है। दिल्ली-एनसीआर में गैंगस्टर सिंडिकेट के खिलाफ इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव गुढ़ा का रहने वाला विक्की लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विकास उर्फ विक्की पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और रंगदारी जैसे 18 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के डीसीपी पंकज कुमार के अनुसार इंस्पेक्टर राकेश कुमार और एसीपी उमेश बर्थवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम कई महीनों से फरार गैंगस्टरों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में जाल बिछाया, जहां विक्की अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।