नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल ने दूसरे दिन भी काम छोड़ हड़ताल जारी रखी, जबकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी 25वें दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। हड़ताल की अध्यक्षता संयुक्त नगर पालिका इकाई प्रधान भूपेंद्र सारवान और अग्निशमन विभाग इकाई नारनौल के प्रधान गुरदयाल सिंह ने की। संयुक्त इकाई प्रधान भूपेंद्र सारवान ने कहा कि जब तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाएगा और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के नेताओं और निकाय मंत्री के बीच बैठक हुई थी, लेकिन इसमें कर्मचारियों की मांगों पर कोई सहमति नहीं बन सकी। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि संघ ने पहले ही सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो काम छोड़ हड़ताल की जाएगी। इसके बावजूद सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, जिससे कर्मचारियों को मजबूर होकर हड़ताल करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि इस हड़ताल की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की नीतियों पर है। हड़ताल में सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र बोयत, जिला प्रधान कौशल यादव, नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राहुल सारवान सहित महावीर प्रसाद, भीम सिंह, जसवंत, निरंजन, रोशन, प्रदीप, लीलाराम, मनोज कुमार, रविकांत, राकेश, राजेश, अमित कुमार, आशु, रमेश कुमार, विक्रम, लखन, मनोज, देवी, मंजू देवी, पूनम देवी और सुनीता देवी समेत कई कर्मचारी शामिल रहे।