जिले में एचटी लाइन के बड़े बिजली खंभों से प्रभावित किसानों ने सोमवार को लघु सचिवालय में भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के तत्वावधान में किसान महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में जिले के करीब 60 गांवों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। किसानों ने कहा कि खेतड़ी-नरेला लाइन से प्रभावित किसान लंबे समय से जिला प्रशासन से एमआरसी कमेटी गठित कर मार्केट रेट तय करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप था कि प्रदेश व देश में लागू मुआवजा नीति से केवल महेंद्रगढ़ जिले के किसानों को वंचित रखा जा रहा है, जो कानूनी प्रावधानों के विपरीत है। वहीं सीकर-नरेला लाइन से प्रभावित किसानों ने फसल व संपत्ति नुकसान का अग्रिम भुगतान तथा एमआरसी द्वारा बाजार दर तय होने के बाद ही आगे कार्य शुरू करने की मांग रखी।