गांव अढ़ोनी में 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरी पर लाठी-डंडों से हमला करने के मुख्य आरोपी पंकज ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में जीटी रोड के पुल से नीचे कूदकर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। कूदने से आरोपी के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। उसे लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना सदर थानेसर के प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी नंबर 290 के मुख्य आरोपी पंकज को अदालत से 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया था। तीसरे आरोपी इंद्र कुमार की तलाश में पुलिस टीम पंकज को लेकर सांवला और गोविंदपुरा गई थी। वापसी के दौरान सांवला गांव के नहर पुल के पास पंकज ने पेशाब करने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे गाड़ी से नीचे उतारकर ले गए। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसवालों का हाथ छुड़ाया और पुल से नीचे कूद गया।