अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित सहज योग प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में नेचुरोपैथी स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उनकी समस्याओं के अनुसार प्राकृतिक चिकित्सा के उपाय सुझाए गए।आयुष विभाग से डॉ. अमित पुंज ने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों के बारे में बताया गया कि यह पद्धति शरीर की स्वयं-चिकित्सा शक्ति पर आधारित है। इसमें माना जाता है कि प्रकृति के पांच तत्व पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश शरीर को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन सिद्धांतों के अनुसार स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी, संतुलित प्राकृतिक आहार, सूर्य की ऊर्जा, विश्राम और मानसिक शांति शरीर को बीमारी से लड़ने की शक्ति देते हैं। इसी आधार पर प्राकृतिक चिकित्सा में मिट्टी-सेवन, जल-उपचार, सूर्य-स्नान, उपवास, योग, मालिश, जीवनीय खाद्य पदार्थ और प्रकृति-अनुकूल दिनचर्या को स्वास्थ्य सुधार का प्रमुख माध्यम माना जाता है।