धर्म नगरी बेरी के मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में आश्विन नवरात्रि मेला 2025 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। नवरात्रि मेले के दौरान बेरी में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जाएगी। एसडीएम रेणुका नांदल ने रविवार को माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्रि मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। मुख्य मेला 28 से 30 सितंबर को होगा। उन्होंने बताया कि देवी मेले में श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं प्रदान करना सरकार और प्रशासन का पहला कार्य है। ऐसे में मंदिर परिसर की परिधि में शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तरह बस स्टैंड, शिव चौक, भागलपुरी चौक, दुजाना चौक, देवी जी के अंदर वाले मंदिर तक रास्तों को साफ -सुथरा बनाया जा रहा है। जिससे माता के दर्शनार्थ आने वाले भक्तों को धर्म नगरी बेरी सुंदर नजर आएगी। वहीं, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मार्गों पर पैच वर्क कार्य को पूरा किया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि उपमंडल प्रशासन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कृतसंकल्प है ताकि श्रद्धालुओं को माता के दर्शनों के लिए किसी प्रकार की परेशानी ना हो सके। उन्होंने बताया कि इस बार 28 से 30 सितंबर तक माता भीमेश्वरी देवी का मुख्य मेला लगेगा। नवरात्रि मेले के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किये जा रहे हैं।