मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी विरेन्द्र बड़खालसा ने कहा है कि हमें मातृ शक्ति का सदैव सम्मान करना चाहिए। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओें के उत्थान व सम्मान में अनेक योजनाएं चला रही हैं। विरेन्द्र बड़खालसा अग्रोहा में जाखड़ चौक पर आयोजित शहीदी दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहीदों की बदौलत ही हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें सदैव शहीदों व उनके परिजनों का सम्मान करना चाहिए और यदि परिवार में कोई जरूरतमंद है तो उसकी मदद करनी चाहिए ताकि वे किसी भी रूप में अपने को उपेक्षित महसूस न करें। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की प्रशंसा की और कहा कि इससे हमें शहीदों के बारे में जानने व उनकी सेवाओं के बारे में जानकारी मिलती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि जिस परिवार का बेटा देश की सेवा में जाता है, वह कभी अकेला नहीं जाता बल्कि अपने परिवार व देश की रक्षा का संकल्प लेकर करोड़ों लोगों की दुआएं लेकर सेना में जाता है। बेटे के सेना में भर्ती होने के साथ ही एक मां अपने बेटे को, एक पत्नी अपने पति को और एक बहन अपने भाई को हंसते हंसते देश की सेवा के लिए भेज देती है।