भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल के वार्डों की तरफ लॉबी में चौथी मंजिल से नीचे गिरने से मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतक महिला पास ही आजाद मोहल्ला की 75 वर्षीय खजानी देवी थी। हादसे की सूचना मिलते ही दिनोद गेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। मृतक महिला खजानी देवी के बेटे सुनील ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। वे दो भाई और पांच बहन हैं। सभी शादीशुदा हैं। उसकी मां खजानी देवी मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से घूमने के लिए निकली थी। इसके बाद उन्हें इस हादसे के संबंध में पुलिस से जानकारी मिली। सुनील ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ अर्से से उसकी मां की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। वहीं आसपास मौजूद लोगों ने महिला के वार्डों की तरफ जाने वाले बंद रास्ते की लॉबी से नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी थी। जिसके बाद लोगों ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी। दिनोद गेट पुलिस चौकी की जांच अधिकारी पूनम ने बताया कि मृतका के बेटे सुनील के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। संवाद