नगर परिषद की टीम ने सोमवार को अंबाला कैंट के रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के बाहर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त ने हाईवे पर लगी रेहड़ी को हटवाया। जिन दुकानों के बाहर कूड़े के ढेर मिले तो उन्हें चेताया कि दोबारा गंदगी मिली तो पांच हजार रुपये का जुर्माना होगा। साथ ही सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टीम के आते ही रेहड़ी संचालकों में हलचल मच गई। कुछ अपनी रेहड़ी को इधर-उधर ले जाते हुए दिखाई दिए। नगर परिषद की टीम में शामिल सफाई कर्मचारियों ने साथ के साथ कूड़े को उठाकर सफाई अभियान भी चलाया। मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के बाहर तीन दिन पहले भी सफाई अभियान चलाया गया था। अभी सभी रेहड़ी, होटल आदि संचालकों को चेताया गया है कि जुर्माने के साथ-साथ चालान की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।