ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सर्वोत्तम इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय पहली इनविटेशनल ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में रविवार को खेले गए मुकाबलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में यूपी ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर दिल्ली रही। वहीं, झारखंड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। शितोरियु कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश और शितोरियु मार्शल आर्ट्स कराटे एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-10 स्थित सर्वोत्तम इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। शितोरियु कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में नोएडा समेत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और हरियाणा सहित अन्य राज्यों से करीब 270 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें 100 से अधिक खिलाड़ी जिले के शामिल रहे हैं। प्रतियोगिता में 19 स्वर्ण पदक जीतकर यूपी की टीम अव्वल रही। दिल्ली ने 11 स्वर्ण पदक हासिल कर दूसरा व झारखंड दो स्वर्ण पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्कूल की निदेशक सरिता माधोक, उप-प्रधानाचार्य तापसी जैन 15 से ज्यादा बार वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले खिलाड़ी डॉ अनिल कौशिक, जिला ओलिंपिक संघ के सचिव प्रमोद कुमार, संयुक्त सचिव जफर खान, स्कूल के स्पोर्ट्स एचओडी महेश कुमार शर्मा, शितोरियु कराते एसोसिएशन यूपी के अध्यक्ष ब्रिज मोहन खन्ना, उपाध्यक्ष रवि कुमार, दीपक अग्रवाल, कन्हैया कुमार, राजेंद्र कुमार, जीतेंद्र कुमार, नवीन चंद्र, प्रणव कुमार, संजीव कुमार, सिमरन, प्रीति आदि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।