नोएडा में दिनभर हुई बारिश के बाद शाम को बारिश थम गई, लेकिन शहर के कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। सेक्टर-49 से भंगेल की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब एक किलोमीटर तक स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी दिक्कत हुई। रात के समय लोग अंधेरी और वीरान सड़क से होकर अपने घरों की ओर जाते दिखाई दिए। खासकर महिलाओं को इस रास्ते से गुजरने में असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर रोशनी न होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।