गुरुग्राम स्थित बिलासपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव खरखड़ी में सोमवार को प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया। जिला योजनाकार विभाग के प्रवर्तन शाखा ने करीब 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। अभियान के दौरान निर्माणाधीन 6 इमारतों को गिराया गया। इसके अलावा 10 अन्य अवैध ढांचों, 4 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स), 4 बाउंड्री वॉल तथा कॉलोनी में बनाए गए पूरे सड़क नेटवर्क को भी जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में बिना आवश्यक स्वीकृतियों के कॉलोनी विकसित किए जाने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाना तथा नियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करना है।